रानीगंज (प्रतापगढ़), 21 मई 2025। प्रतापगढ़ जिले के रानीगंज विधानसभा क्षेत्र के भागीपुर में स्थित दुर्गा माता मंदिर परिसर में भारत शौर्य तिरंगा यात्रा का भव्य आयोजन हुआ। यह कार्यक्रम भारतीय सेना के अदम्य साहस, पराक्रम और शौर्य को सम्मानित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष विजय कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में यह तिरंगा यात्रा मंदिर परिसर से शुरू होकर पावर हाउस, रानीगंज थाना बाजार होते हुए पुनः परिसर में पहुंचकर समाप्त हुई।
कार्यक्रम के संयोजक भाजपा किसान मोर्चा के जिला मंत्री सुनील मौर्य रहे। यात्रा में पिछड़ा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष एवं नगर पंचायत अध्यक्षा रानीगंज के पति बद्री गुप्ता, निवर्तमान मंडल अध्यक्ष पृथ्वीगंज कृपा गिरी, भाजपा किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष रमेश पाण्डेय, छेदी लाल पटेल, मंडल महामंत्री अभिनाश मिश्र, संतोष जायसवाल, अशर्फी लाल पटेल, नन्द लाल यादव, वरिष्ठ अधिवक्ता विक्की सिंह सहित अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता, मातृ शक्ति और क्षेत्रीय जनता ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
यात्रा के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम के गगनभेदी नारों ने वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। तिरंगे के साथ भव्य जुलूस ने सेना के शौर्य को नमन करते हुए राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन की जानकारी जिला मीडिया प्रभारी राजेश त्रिपाठी ने दी। यह आयोजन न केवल सेना के प्रति सम्मान का प्रतीक बना, बल्कि क्षेत्रवासियों में देशभक्ति की भावना को भी प्रबल किया।