Join US

सपा सांसद प्रिया सरोज ने क्रिकेटर रिंकू सिंह संग की सगाई, 18 नवंबर को बजेगी शहनाई

By
Published On:
Follow Us

लखनऊ, 8 जून 2025। भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज की सगाई का खास दिन आखिरकार आ ही गया। प्रशंसकों को इस दिन का बेसब्री से इंतजार रहा। 8 जून 2025 को दोनों की सगाई का कार्यक्रम लखनऊ स्थित पांच सितारा होटल में संपन्न हुआ।

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव विशेष रुप से इस कार्यक्रम के साक्षी बने। रिंकू सिंह और प्रिया सरोज अपनी सगाई समारोह में काफी खूबसूरत दिखे। प्रिया सरोज इमोशनल दिखाई दीं।

बता दें भारतीय क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की 26 वर्षीय सांसद प्रिया सरोज ने अपनी पसंद से एक दूसरे को जीवन संगी के रूप में चुना है।

दोनों की सगाई लखनऊ स्थित पांच सितारा होटल ‘द सेंट्रम’ में हुई। इस समारोह में प्रवीण कुमार, पीयूष चावला और उत्तर प्रदेश क्रिकेट टीम के कई खिलाड़ी मौजूद रहे।

इसके अलावा बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, सपा नेता शिवपाल सिंह यादव, सांसद डिम्पल यादव और सांसद जया बच्चन भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए।

जानें प्रिया सरोज के बारे में

प्रिया सरोज उत्तर प्रदेश की मछलीशहर सीट से समाजवादी पार्टी की सांसद हैं। उनके पिता तूफानी सरोज भी समाजवादी पार्टी के नेता हैं। वह तीन बार सांसद रह चुके हैं और वर्तमान में समाजवादी पार्टी से विधायक हैं। तूफानी सरोज 1999 में सैदपुर, 2004 में गाजीपुर और 2009 में मछली शहर से सांसद बने थे।

प्रिया ने दिल्ली विश्वविद्यालय से पढ़ाई की है और वह सुप्रीम कोर्ट में वकील रह चुकी हैं। वह देश की सबसे युवा सांसद भी हैं।

2.5 लाख रुपये की पहनाई अंगूठी

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार प्रिया ने रिंकू को पहनाने के लिए कोलकाता से अंगूठी खरीदी है, जबकि रिंकू ने प्रिया के लिए मुंबई से अंगूठी मंगवाई है। दोनों अंगूठियों की कीमत करीब 2.5 लाख रुपये है।

रिंकू के बारे में

27 वर्षीय रिंकू ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की ओर से लगातार 5 छक्के जड़कर सबका ध्यान खींचा था। उसके बाद उन्हें भारतीय टीम में जगह मिली थी। वह अब टीम में एक फिनिशर के रूप में अपनी जगह पक्की कर चुके हैं।

वह भारत के लिए 2 वनडे मैचों में 27.50 की औसत से 55 रन और 32 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 46.09 की दमदार औसत से 507 रन अपने नाम कर चुके हैं।

18 नवंबर को होगी शादी

जौनपुर की मछलीशहर लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी सांसद प्रिया सरोज की रिंग सेरेमनी 8 जून को लखनऊ में हो गयी। शादी 18 नवंबर 2025 को वाराणसी के होटल ताज से होगी। इसमें क्रिकेट के सितारे, फिल्म जगत की हस्तियों और उद्योगपतियों का जमावड़ा रहेगा।

रिंकू सिंह की बायोग्राफी

  • रिंकू सिंह का जन्म 12 अक्टूबर 1997 को उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में हुआ।
  • पिता खानचंद्र सिंह एलपीजी सिलेंडर डिस्ट्रीब्यूशन का काम करते थे।
  • 2017 में रिंकू के IPL में चुने जाने के बाद पिता ने यह काम छोड़ दिया।
  • उनकी मां वीना देवी गृहिणी हैं।
  • रिंकू सिंह ने आईपीएल की कमाई से बहन नेहा सिंह की शादी की।
  • भाई सोनू सिंह परिवार के साथ अलीगढ़ में रहते हैं।
  • रिंकू सिंह एक साधारण, निम्न-मध्यम वर्गीय परिवार से आते हैं।

प्रिया सरोज की बायोग्राफी

  • समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज का जन्म 23 नवंबर 1998 को उत्तर प्रदेश के वाराणसी में हुआ।
  • पिता तूफानी सरोज प्रमुख राजनेता हैं।
  • वह तीन बार लोकसभा सांसद (1999, 2004, 2009) रह चुके हैं।
  • पिता तूफानी सरोज वर्तमान में जौनपुर के केराकत से समाजवादी पार्टी के विधायक हैं।
  • प्रिया सरोज की 3 बहनें और 1 भाई है।
  • पिता की राजनीतिक विरासत ने प्रिया को 25 साल की उम्र में 2024 लोकसभा चुनाव में मछलीशहर से सांसद बनने में मदद की।

Ramesh Pandey

मेरा नाम रमेश पाण्डेय है। पत्रकारिता मेरा मिशन भी है और प्रोफेशन भी। सत्य और तथ्य पर आधारित सही खबरें आप तक पहुंचाना मेरा कर्तव्य है। आप हमारी खबरों को पढ़ें और सुझाव भी दें।

For Feedback - editorasr24@gmail.com
Join Our WhatsApp Channel