प्रतापगढ़, 13 जून 2025। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में जिला महिला चिकित्सालय में अव्यवस्थाओं की पोल आज राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष के निरीक्षण में खुल गयी। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और सीएमएस से व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने को कहा।
बता दें शुक्रवार 13 जून को उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी ने प्रतापगढ़ जनपद का दौरा किया। इस दौरान उन्होने जिला महिला अस्पताल व वन स्टाप सेन्टर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने जिला महिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं व मिलने वाली सुविधाओं के सम्बन्ध में महिला मरीजों से जानकारी प्राप्त की।
उन्होने जिला महिला चिकित्सालय में सर्जिकल वार्ड, एसएनसीयू वार्ड, प्रसव कक्ष, उपस्थिति पंजिका आदि का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बाथरूम गन्दा मिला। इस पर उपाध्यक्ष ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सीएमएस को निर्देशित किया कि महिला अस्पताल में साफ-सफाई की व्यवस्था को बेहतर किया जाये, इसमें लापरवाही कदापि न बरती जाये।
इस दौरान उन्होने वार्ड में भर्ती मरीजों से वार्ता की और मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। यहां पता चला कि अल्ट्रासाउण्ड की सुविधा महिलाओं को बेहतर ढंग से नहीं मिल पा रही है। इस पर उन्होने कहा कि ज्यादा से ज्यादा अल्ट्रासाउण्ड अस्पताल में कराये जाये।
उन्होने सीएमएस रीना प्रसाद को निर्देशित किया कि मरीजों की समुचित देखभाल की जाये। सरकार द्वारा जो भी सुविधायें दी जा रही है उसका लाभ महिलाओं को दिया जाये। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही एवं उदासीनता कदापि न बरती जाये। जिला महिला चिकित्सालय में दिखी कमियों को दूर करने का निर्देश सीएमएस को दिया।