गौरा (प्रतापगढ़), 27 सितंबर 2025। प्रतापगढ़ जिले के गौरा ब्लाक के बोर्रा गांव स्थित रईया देवी धाम में नवरात्रि के पावन अवसर पर भक्तिमय माहौल बना हुआ है। नवरात्र प्रारंभ होते ही प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां रईया देवी के दरबार में पहुंचकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना कर रहे हैं।
धाम के पुजारी आचार्य अनुराग शास्त्री ने बताया कि रईया देवी धाम का ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व है। यहां नवरात्रि पर विशेष अनुष्ठान, भजन-कीर्तन और हवन का आयोजन होता है। भक्त मां की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर परिवार और समाज की समृद्धि की कामना करते हैं।
आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति की सक्रिय भूमिका सराहनीय है। अध्यक्ष लालचंद्र मिश्र, उपाध्यक्ष रवि प्रकाश श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष राजेश गुप्ता, व्यवस्थापक राजकुमार मौर्य, प्रबंधक राकेश कुमार यादव और संचालक संजय मौर्य नवरात्रि पर्व को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
नवरात्र के दौरान धाम परिसर में सुरक्षा, स्वच्छता और भक्तों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। स्थानीय लोगों के सहयोग से जगह-जगह प्रसाद वितरण और सेवा कार्य भी चल रहे हैं।
















