दीव, 24 मई 2025। ओडिशा की महिला टीम ने गुजरात के खिलाफ कड़ी टक्कर में जीत के साथ खेलो इंडिया बीच गेम्स 2025 में अपना पहला स्वर्ण पदक हासिल किया, वहीं केरल की पुरुष टीम ने गोवा को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। दीव के घोंघला बीच पर शुक्रवार को हुए बीच सॉकर फाइनल मुकाबले किसी भव्य आयोजन से कम नहीं थे। रौशनी के बीच, खुले आसमान के नीचे और सैकड़ों उत्साही दर्शकों की मौजूदगी में खेले गए ये मुकाबले रोमांच से भरपूर रहे। पुरुषों और महिलाओं दोनों वर्गों में फाइनल मुकाबले यह साबित करने के लिए काफी थे कि ये इस प्रतियोगिता के सबसे बड़े मुकाबले थे।
हालांकि, दोनों मुकाबलों की शुरुआत एक-दूसरे से बिल्कुल विपरीत रही। महिलाओं के फाइनल में ओडिशा ने शुरुआत में ही दो गोल दागकर गुजरात पर बढ़त बना ली। गुजरात की टीम को स्थानीय दर्शकों का समर्थन हासिल था। पूरा माहौल किसी त्यौहार जैसा लग रहा था- दर्शक गरबा और बॉलीवुड की धुनों पर नाचते नजर आ रहे थे, और खेलों के शुभंकर ‘पर्ल्स’ (डॉल्फिन्स) भी लोगों का मनोरंजन कर रहे थे। यह दृश्य किसी कार्निवल से कम नहीं था।
दूसरी ओर पुरुषों के फाइनल में केरल और गोवा के बीच मुकाबला बराबरी का नजर आया। शुरुआत में केरल थोड़ा बेहतर खेलता नजर आया, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ा, उन्होंने अपना दबदबा पूरी तरह से स्थापित कर लिया। पहले पीरियड के अंत में केरल ने 2-1 की बढ़त बना ली थी। इसके बाद उन्होंने आक्रामक रुख अपनाया और पल भर में स्कोर 10-3 कर दिया। गोवा की टीम उनके सामने पूरी तरह असहाय नजर आई।
अंततः केरल ने मुकाबला 12-4 से जीतकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। मुशीर टीकेबी ने चार और रोहित येसुदास ने तीन गोल किए। केरल की टीम ने बेहतरीन टीम वर्क का उदाहरण पेश किया, जहां हर खिलाड़ी ने किसी न किसी तरह से जीत में योगदान दिया। यह सिर्फ व्यक्तिगत कौशल का नहीं बल्कि सामूहिक मेहनत का नतीजा था।
दूसरे मैदान पर ओडिशा की महिला टीम जब 3-0 से आगे थी, तो ऐसा लग रहा था कि वह आसानी से जीत हासिल कर लेगी। लेकिन गुजरात की टीम ने उम्मीद से परे प्रदर्शन करते हुए अंतिम पीरियड में जोरदार वापसी की। गुजरात की ओर से शेख नाज़ ने एक मिनट से भी कम समय में दो गोल कर दिए और स्कोर 3-2 हो गया। मैच के आखिरी क्षणों में भूमिशा द्रविड़ के पास स्कोर बराबर करने का सुनहरा मौका था, लेकिन वह गोल करने में चूक गईं और गुजरात को निराशा हाथ लगी।
अंतिम सीटी बजने पर स्कोर 3-2 रहा और ओडिशा ने स्वर्ण पदक जीत लिया। इस टीम को कोच गीतांजलि खुंटिया ने केवल दो हफ्ते पहले तैयार किया था, लेकिन उनका मेहनत और रणनीति रंग लाई। कप्तान जसोदा मुंडा ने दो गोल दागे और पूरी टीम को प्रेरित करते हुए ओडिशा को खेलो इंडिया बीच गेम्स 2025 का पहला स्वर्ण दिलाया। मैच के बाद उन्होंने कहा कि यह उनके लिए बहुत गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि शुरुआत में तो सब कुछ हमारे पक्ष में था, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ा, गुजरात ने हमारी रणनीति को समझकर हमें अच्छे से कवर करना शुरू कर दिया, जिससे मुकाबला और कठिन हो गया।
वहीं केरल के कोच अजी राज ने भी अपनी टीम के प्रदर्शन पर खुशी जताई। उन्होंने बताया कि बीच गेम्स से पहले टीम ने केवल पांच दिन की तैयारी की थी। लेकिन यह टीम 2021 से साथ खेल रही है, जिससे इनके बीच जबरदस्त तालमेल है। उन्होंने कहा कि पिछले महीने इस टीम ने दिल्ली में राष्ट्रीय चैंपियनशिप भी जीती थी। उन्होंने खिलाड़ियों के सामूहिक प्रयास की सराहना की और कहा कि सभी ने मिलकर टीम के लिए बेहतरीन प्रदर्शन किया।
बीच सॉकर परिणाम
- पुरुष वर्ग में केरल को स्वर्ण, गोवा को रजत और लक्षद्वीप तथा महाराष्ट्र को कांस्य पदक मिला।
- महिला वर्ग में ओडिशा ने स्वर्ण, गुजरात ने रजत, जबकि मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश ने कांस्य पदक हासिल किए।