लखनऊ, 4 मई 2025। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 4 मई को लखनऊ स्थित आवास पर प्रदेश भर से आये फरियादियों से मुलाकात की और उनकी समस्या सुनी। मुख्यमंत्री से मिलने के लिए प्रतापगढ़ जिले से कुंडा की भी कुछ महिलाएं पहुंची थी। कुंडा की इन महिलाओं ने पुलिसकर्मियों द्वारा लोगों को परेशान किये जाने और अपराधियों को संरक्षण दिये जाने की शिकायत की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुंडा से पहुंची महिलाओं की बात को पूरी गंभीरता से सुना और इस बात के लिए आश्वस्त किया कि दोषी पुलिसकर्मियों पर जरुर कार्रवाई होगी। मुख्यमंत्री ने महिलाओं के साथ पहुंचे बच्चों को दुलारा और टाफी भी खिलाई।
एक दिन पहले योगी से मिले थे विनोद सोनकर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से एक दिन पहले कौशांबी के पूर्व सांसद व भाजपा के वरिष्ठ नेता विनोद सोनकर ने भी मुलाकात की थी। इस मुलाकात में पूर्व सांसद विनोद सोनकर ने भी कुंडा क्षेत्र में तैनात कुछ पुलिसकर्मियों की कार्यशैली की शिकायत की थी।
पिछले कुछ महीनों में कुंडा क्षेत्र में दलितों के उत्पीड़न की भी घटनाएं बढ़ी हैं। पीडि़त दलितों को न्याय दिला पाने में कुंडा क्षेत्र में तैनात पुलिसकर्मी रुचि नहीं दिखा रहे हैं।
दिलेरगंज में दलित महिला से दुराचार का मामला भी चर्चा में
इस बीच कुंडा क्षेत्र के दिलेरगंज में दलित महिला के साथ समुदाय विशेष के युवकों द्वारा किये गए दुराचार का मामला भी चर्चा में आ गया है। दलित महिला से दुराचार के मामले में पीडि़त महिला के बयान के बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
बताया जा रहा है कि पुलिस जानबूझकर दलित महिला से दुराचार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है। इस मामले में पुलिस के एक अफसर की भूमिका भी चर्चा में है।